रायपुर, 11 सितंबर (किरण अग्रवाल | कोशल प्रहरी): आगामी गणेश उत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियों को लेकर अशोका आइकॉन सोसाइटी महिला समिति की टीम द्वारा एक महत्वपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश उत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। महिला समिति का प्रयास है कि इस बार गणेश उत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि सोसाइटी के सभी सदस्यों को एक परिवार की तरह जोड़ने वाला उत्सव बने। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, हाउजी, खाना खजाना, बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएँ, महिलाओं एवं बड़ों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके अलावा भी कई मनोरंजक एवं आकर्षक आयोजन किए जाएंगे। बैठक में सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक अपनी-अपनी जिम्मेदारियाँ स्वीकार कीं। समिति के सदस्यों ने आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ गणेश उत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया। महिला समिति ने उम्मीद जताई कि गणपति बप्पा के आशीर्वाद से पूरा उत्सव खुशियों, आपसी प्रेम, अपनापन और एकता से परिपूर्ण रहेगा।
0 Comments