सिन्धेकेला/बेंगलुरु (दिनेश जैन | कोशल प्रहरी) - बेंगलुरु स्थित पूर्वा स्काईवुड के क्लब हाउस में गत 14 सितंबर से श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित गणपति महोत्सव का शुक्रवार को भव्य एवं भावपूर्ण समापन हुआ। कई दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन भगवान गणपति की विधिवत पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन एवं आरती का आयोजन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान पूर्वा स्काईवुड का वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। गणपति विसर्जन के अवसर पर विशेष तैयारियां की गई थीं। गणपति बप्पा की सुंदर प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ में विराजमान किया गया। इसके बाद बाजे-गाजे, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा पूर्वा स्काईवुड के सभी ब्लॉकों से होकर गुजरी। इस दौरान परिसर में रहने वाले पुरुष, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की धुन पर श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ नृत्य करते नजर आए। चारों ओर उल्लास और भक्ति का माहौल दिखाई दिया।
श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा पूर्वा स्काईवुड परिसर भक्तिमय नारों से गूंज उठा। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गणपति उत्सव की खुशियां साझा कीं। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं महिलाएं और पुरुष भी भक्ति गीतों एवं जयकारों के साथ शोभायात्रा में शामिल रहे। बप्पा को विदाई देने के इस अवसर पर हर चेहरे पर खुशी के साथ भावुकता भी दिखाई दी। पूरे गणपति महोत्सव के दौरान पूर्वा स्काईवुड में सुंदर, आकर्षक एवं व्यवस्थित सजावट की गई थी। क्लब हाउस सहित पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिसने गणपति महोत्सव की भव्यता में चार चांद लगा दिए। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पूजा कमिटी के कार्यकर्ताओं खासकर के महिलाओं और युवतियोंने काफी मेहनत और समर्पण के साथ अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूजा-अर्चना से लेकर सजावट, व्यवस्थाओं और विसर्जन शोभायात्रा तक कार्यकर्ताओं ने पूरी तत्परता के साथ जिम्मेदारियां निभाईं। उनके सामूहिक प्रयास और सहयोग से गणपति महोत्सव शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। गणपति बप्पा की विदाई के समय श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सभी के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। भक्तों ने भावपूर्ण जयघोष के साथ कहा—“गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ।” इस प्रकार कई दिनों तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया गणपति महोत्सव पूर्वा स्काईवुड में आपसी भाईचारे, एकता और धार्मिक उत्साह की सुंदर मिसाल बनकर संपन्न हुआ।


0 Comments